इंदौर। शहर में ट्रैफिक जाम की स्थिति से निपटने के लिए कलेक्टर लोकेश जाटव प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सप्ताह में एक बार बैठक लेकर जानता को इस ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए चर्चा तो करते हैं, लेकिन यातायात पुलिस के आला अधिकारियों द्वारा जाम की स्थिति क्यों निर्मित हो रही है, इस बारे में जो चर्चा की जाती है। उस पर आज तक कोई अमलीजामा नहीं पहनाया गया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक राजवाड़ा पर बढ़ती सिटी बसों की संख्या ही जाम की स्थिति को निर्मित कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने नाम नहीं छापने पर बताया कि कई बार हम सडक सुरक्षा समिति व अन्य बैठकों में प्रशासनिक अधिकारियों से कह चुके हैं कि शहर में प्रतिदिन जो ट्रैफिक जाम की स्थिति निर्मित हो रही है वह सिटी बसों की बढ़ती संख्या से हो रही है। राजवाड़ा पर एक के पीछे आने वाली सिटी बसें ट्रैफिक जाम की स्थिति को निर्मित कर रही हैं। हमारी मजबूरी है कि हम इन सिटी बसों पर चालानी कार्रवाई भी नहीं कर सकते हैं।
इधर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राजवाड़ा पर नो व्हीकल जोन में सिर्फ सिटी बसों का ही प्रवेश निषेध कर दें तो ट्रैफिक जाम की स्थिति निर्मित ही नहीं होगी। वैसे भी सिटी बसों के लिए अक्सर कई बार प्रशासनिक अधिकारियों से कह चुके हैं कि सिटी बसों के लिए शहर में कोई पार्किंग की व्यवस्था नहीं होना चाहिए, सिर्फ इन्हें दो मिनट रुक कर स्टाप से सवारी भरकर ले जाना चाहिए, अगर ऐसा हो जाता है तो ट्रैफिक जाम से हमे मुक्ति मिल सकती है।